
वाफा समाचार एजेंसी के मुताबिक, आज ग़ज़ा पट्टी में कम से कम 78 फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें ग़ज़ा शहर में 38 लोग शामिल हैं.
इमरजेंसी सर्विस के अधिकारियों का कहना है कि रविवार को सेंट्रल ग़ज़ा में पानी लेने गए 6 बच्चों सहित 10 लोगों की इसराइली हवाई हमले में मौत हो गई.
मृतकों के शव को नुसेरत के अल-अवदा अस्पताल भेजा गया, जिसकी पुष्टि अस्पताल के एक डॉक्टर ने की है.
डॉक्टर के मुताबिक अस्पताल में 16 घायल हुए लोगों का भी इलाज किया गया, जिसमें 7 बच्चे शामिल हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अल-नुसेरत रेफ्यूजी कैंप में पानी के टैंकर के पास खाली डिब्बे लिए लाइन में लगी हुई भीड़ पर हवाई हमला हुआ.
इसके अलावा ग़ज़ा सिविल डिफेंस एजेंसी ने कहा है कि रविवार को सेंट्रल ग़ज़ा और ग़ज़ा सिटी में तीन रिहाइशी इमारतों पर हुए हमले में 19 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है.
उधर रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय कमिटी ने कहा कि पिछले 6 हफ्तों में उसने दक्षिण ग़ज़ा के रफ़ाह फील्ड अस्पताल में जितने बड़े पैमाने पर हताहतों का इलाज किया है, उतने मामले उससे पहले के 12 महीनों में नहीं आए थे.
ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ग़ज़ा पर इसराइल के युद्ध में कम से कम 58,026 लोग मारे गए हैं और 138,520 घायल हुए हैं.