अमेरिकी केंद्रीय कमान ( सेंटकॉम ) ने घोषणा की है कि अमेरिका और उसकी सहयोगी सेनाओं ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट ( आईएस ) समूह के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं.
सेंटकॉम ने एक्स पर लिखा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को इन हमलों का निर्देश दिया, जो ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक का हिस्सा हैं, और ये हमले 13 दिसंबर को सीरिया में अमेरिकी सेना पर आईएस के घातक हमले के प्रतिरोध में किए गए हैं.
सेंटकॉम के अनुसार, ये हमले आतंकवाद से निपटने और क्षेत्र में अमेरिकी और सहयोगी बलों की रक्षा करने के प्रयास में किए गए थे.
सेंटकॉम ने कहा कि, “हमारा संदेश अभी भी स्पष्ट है: यदि आप हमारे सैनिकों को नुकसान पहुंचाते हैं, तो हम आपको ढूंढ निकालेंगे और दुनिया में कहीं भी आपको मार डालेंगे, चाहे आप न्याय से बचने की कितनी भी कोशिश क्यों न करें.”
सीबीएस न्यूज़ चैनल को एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका और उसके सहयोगी बलों ने 20 से अधिक विमानों की भागेदारी वाले एक अभियान में 35 से अधिक लक्ष्यों पर 90 से अधिक सटीक गोलीबारी की.
हमलों का स्थान और हताहतों की संख्या अभी तक स्पष्ट नहीं है.
रक्षा सचिव “पीट हेगसेथ” ने शनिवार को एक्स पर सैन्य कार्रवाई के संदर्भ में लिखा, “हम इसे कभी नहीं भूलेंगे और कभी पीछे नहीं हटेंगे.”