भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली ने आईसीसी मेन्स रैंकिंग में ताजा अपडेट के अनुसार नंबर 1 स्थान हासिल कर लिया है.
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड पर भारत की चार विकेट की जीत के बाद आईसीसी पुरुष रैंकिंग में नंबर 1 स्थान फिर से हासिल कर लिया है.
कोहली की 91 गेंदों पर खेली गई 93 रनों की पारी ने मेजबान टीम को लक्ष्य का पीछा करने में मदद की, जिससे वह भारत के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के करीब पहुंच गए और पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की तालिका में दूसरे स्थान पर आ गए हैं.
आस्ट्रेलिया में 50 ओवर की सीरीज के बाद से कोहली लगातार शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने अपनी पिछली पांच पारियों में 74 नाबाद,* 135, 102 65 नाबाद और 93 रन बनाए हैं.
37 वर्षीय खिलाड़ी जुलाई 2021 के बाद पहली बार बल्लेबाज़ी रैंकिंग में शीर्ष पर वापस आ गए हैं, क्योंकि उनकी शानदार पारी की मदद से भारत ने वडोदरा में न्यूजीलैंड के 300 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया.
उन्होंने अक्टूबर 2013 में पहली बार शीर्ष रैंकिंग हासिल की थी और यह शीर्ष स्थान पर उनका 11वां कार्यकाल है. आज तक, वह कुल 825 दिनों तक शीर्ष पर रह चुके हैं, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा 10वां सबसे अधिक समय है, और किसी भी भारतीय द्वारा सबसे अधिक है.