
इससे पहले इसराइल की इमरजेंसी सर्विस मेगन डेविड अडोम MDA ने कहा है कि ईरान के हवाई हमलों में 21 लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
MDA ने एक्स पर जानकारी दी कि घायलों में से एक की हालत बेहद नाजुक है. जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
इसराइली मीडिया के मुताबिक, ईरान की जवाबी कार्रवाई में तीन लोग मारे गए हैं. इससे पहले भी इसराइल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की थी.
इसराइल के विपक्षी पार्टी के नेता येर लैपिड ने तीन इजरायली नागरिकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है.
लैपिड ने कहा, “यह इसराइल के लिए एक मुश्किल रात थी. हम बहादुर लोग हैं और हमारे पास एक मजबूत सेना है.”
उन्होंने इसराइली नागरिकों से होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है.
इसराइल ने शुक्रवार को ईरान के कई अलग-अलग जगहों पर हमले किए थें, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इसराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है.
ईरान ने आधिकारिक तौर पर अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन को सूचित किया है कि वह इसराइल के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला करेगा.
ईरान ने कहा, “इसराइल पर ईरानी हमलों को विफल करने में भाग लेने वाला कोई भी देश ईरानी सेनाओं का लक्ष्य होगा.
जिसमें खाड़ी राज्यों में सैन्य ठिकानों सहित सहयोगी देशों के सभी क्षेत्रीय ठिकाने, तथा फारस की खाड़ी और लाल सागर में जहाज और नौकाएं शामिल हैं.