
झारखंड: डीसी रांची ने अपने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि, “रांची में ऑपरेशन अभ्यास अंतर्गत आपदा की स्थिति के नागरिक सुरक्षा हेतु मॉक ड्रिल जिला प्रशासन द्वारा सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया. गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार.”

आज अपराह्न 4:00 बजे सायरन बजते ही डोरंडा स्थित मेकॉन भवन मॉक ड्रिल की शुरुआत की गयी. जिला प्रशासन द्वारा लोगों को कम से कम असुविधा हो, इमरजेंसी सेवाएं बाधित न हो इसे सुनिश्चित करते हुए मॉक ड्रिल संपन्न कराया गया.
मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ, पुलिस-प्रशासन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस/मेडिकल टीम, एनसीसी द्वारा मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.

मॉक ड्रिल के दौरान लगभग 250 लोगों को प्रभावित क्षेत्र से सकुशल निकाला गया, 9 लोग घायल (नकली) थे, जिसमें एक की स्थिति गंभीर थी. गंभीर रूप से घायल (नकली) व्यक्ति को बीएमपी स्कूल में बनाए गये मेडिकल कैंप में शिफ्ट किया गया.
मॉक ड्रिल के दौरान डोरंडा क्षेत्र पूरी तरह से ब्लैक आउट रहा. जिला प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल के संबंध में लोगों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया गया था. शाम के 7:00 बजे तक डोरंडा क्षेत्र में लोगों ने अपने-अपने घरों के लाइट बंद रखे.

यातायात व्यवस्था में बदलाव का लोगों द्वारा अनुपालन किया गया, वाहनों के लाइट्स का उपयोग भी न के बराबर देखने को मिला. मॉक ड्रिल के दौरान आमजनों के सहयोग काफ़ी मिला.
डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री चंदन सिन्हा द्वारा बताया गया की मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ, पुलिस-प्रशासन, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस/मेडिकल टीम, एनसीसी का रिस्पॉन्स बेहतर रहा. उनके द्वारा लोगों के सहयोग की भी सराहना की गयी.

यह मॉक ड्रिल 7 मई 2025 दिन बुधवार को कराया गया है.(7/05/2025)








