एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा है कि अमेरिकी विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन स्ट्राइक ग्रुप और अन्य अमेरिकी सैन्य उपकरणों के क्षेत्र में पहुंचने के बाद ईरान को मध्य पूर्व में “पूर्ण युद्ध” का सामना करना पड़ सकता है.
ईरानी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर रॉयटर्स से बात करते हुए अधिकारी ने उम्मीद जताई कि अमेरिकी सैन्य गतिविधि किसी बड़े सैन्य संघर्ष को जन्म नहीं देगी.
लेकिन उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिकी हमले की स्थिति में ईरान की संभावित प्रतिक्रिया क्या होगी.
अमेरिकी चैनल फ़ॉक्स न्यूज़ के अनुसार, अमेरिका के विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन अगले कुछ दिनों में अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) क्षेत्र में होगा, जिसका अर्थ है कि यह अभी ईरान पर हमले की सीमा में नहीं है.
रॉयटर्स के अनुसार, बढ़ते तनाव के जवाब में अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ समय से मध्य पूर्व में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ाई है. अमेरिका ने इस क्षेत्र में अपने अभियान तेज कर दिए हैं, जिनमें पिछले साल जून में ईरान के परमाणु संयंत्रों पर हमले भी शामिल हैं.
दूसरी ओर, इजरायली अखबार हारेत्ज़ ने दावा किया है कि मध्य पूर्व की स्थिति के कारण केएलएम और एयर फ्रांस ने इजरायल के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं.